पीएम मोदी ने 20 लाख करोड़ के राहत पैकेज का किया ऐलान

पीएम मोदी ने 20 लाख करोड़ के राहत पैकेज का किया ऐलान


नई दिल्ल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना संकट से जूझ रहे देश के विभिन्न वर्गों के लिए मंगलवार को कुल 20 लाख करोड़ के पैकेज की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 20 लाख करोड़ रुपए का ये पैकेज, 2020 में आत्मनिर्भर भारत अभियान को एक नई गति देगा। उन्होंने कहा कि एक्सपर्ट बताते हैं कि कोरोना लंबे समय तक जिंदगी का हिस्सा बना रहेगा। लेकिन हम अपने लक्ष्यों को दूर नहीं होने देंगे
 
प्रधानमंत्री मोदी ने रात आठ बजे से देश को संबोधित करते हुए कहा, “आज एक विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा करता हूं। हाल में सरकार ने कोरोना संकट से जुड़ी जो आर्थिक घोषणाएं की थीं, जो रिजर्व बैंक के फैसले थे, और आज जिस आर्थिक पैकेज का ऐलान हो रहा है, उसे जोड़ दें तो ये करीब-करीब 20 लाख करोड़ रुपए का है। ये पैकेज भारत की जीडीपी का करीब-करीब 10 प्रतिशत है। इस पैकेज में लैंड, लेबर, लिक्विडिटी और लॉज सभी पर बल दिया गया है।”


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यह आर्थिक पैकेज हमारे कुटीर उद्योग, लघु, मंझोले उद्योग, एमएसएमई के लिए हैं। जो करोड़ों लोगों की आजीविका का साधन हैं। जो आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का मजबूत आधार है। यह आर्थिक पैकेज देश के उस श्रमिक के लिए है, उस किसान के लिए है, जो हर मौसम में देशवासियों के लिए दिन-रात परिश्रम करते हैं।


यह आर्थिक पैकेज हमारे देश के मध्यम वर्ग के लिए है, जो ईमानदारी से टैक्स देकर देश के विकास में योगदान देता है। यह पैकेज आर्थिक जगत के लिए है जो भारत के आर्थिक विकास को बुलंदी देते हैं। आगे वित्त मंत्री के स्तर से इस आर्थिक पैकेज की विस्तार से जानकारी दी जाएगी।”


प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना से मुकाबला करते हुए चार हफ्ते से ज्यादा बीत चुके हैं। इस दौरान 42 लाख से ज्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हुए और पौने तीन लाख से ज्यादा लोगों की दुखद मौत हो चुकी है। भारत में भी अनेक परिवारो ने अपने स्वजन खोए हैं। मैं सभी के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान आत्मनिर्भर भारत का नारा देते हुए कहा कि हमने आपदा को अवसर में बदल दिया।


अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि एक वायरस ने दुनिया को तहस-नहस कर दिया है। विश्व भर में करोड़ों जिंदगियां संकट का सामना कर रहीं हैं। सारी दुनिया जिंदगी बचाने में एक प्रकार से जंग में जुटी है। हमने ऐसा संकट न देखा है और न ही सुना है। निश्चित तौर पर मानव जाति के लिए यह सब कुछ अकल्पनीय है। यह क्राइसिस अभूतपूर्व है। लेकिन थकना, हारना, टूटना, बिखरना मानव को मंजूर नहीं है। सतर्क रहते हुए ऐसी जंग के सभी नियमों का पालन करते हुए अब हमें बचना भी है और आगे बढ़ना भी है।


पीएम मोदी ने कहा कि जब दुनिया संकट में है तब हमें अपना संकल्प और मजबूत करना है। हमारा संकल्प इस संकट से भी विराट होगा। पीएम मोदी ने कहा कि साथियों हम पिछली शताब्दी से भी लगातार सुनते आए हैं कि 21 वीं सदी हिंदुस्तान की सदी है। हमें वैश्विक व्यवस्थाओं को विस्तार से देखने का मौका मिला है। कोरोना संकट के बाद भी दुनिया में जो स्थितियां बन रहीं हैं, उसे भी हम निरंतर देख रहे हैं। जब दोनों काल खंडों को भारत के नजरिए से देखते हैं तो लगता है कि 21 वीं सदी भारत की हो, यह हमारा सपना ही नहीं हम सभी की जिम्मेदारी भी है।


पीएम मोदी ने कहा कि विश्व की आज की स्थिति यह सिखाती है कि इसका मार्ग एक ही है आत्म निर्भर भारत। साथियों एक राष्ट्र के रूप में हम एक अहम मोड़ पर खड़े हैं। इतनी बड़ी आपदा भारत के लिए एक संकेत लेकर आई है। एक संदेश लेकर आई है। एक अवसर लेकर आई है